भूपेंद्र ठाकुर,
10 अगस्त / शिमला।
शिमला पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ चल रही स्पेशल ड्राइव के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के पास हरियाणा रोडवेज बस की चेकिंग के दौरान एक युवक को 9 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पिट्ठू बैग से चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधीक्षक शिमला ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को बस की जांच के दौरान 18 वर्षीय प्रदीप कुमार, निवासी रामपुर जिला शिमला, संदिग्ध लगा। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखा गया करीब 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 164/26 दिनांक 08.08.2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








