Home ट्रेंडिंग हिमाचल में 10 से 16 अगस्त तक मानसून का कहर, कांगड़ा-मंडी-सिरमौर में...

हिमाचल में 10 से 16 अगस्त तक मानसून का कहर, कांगड़ा-मंडी-सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

5
0

भूपेंद्र ठाकुर,

10 अगस्त / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic


हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 10 से 16 अगस्त तक भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

10 और 11 अगस्त को सबसे बड़ा खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अगस्त को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश की संभावना है। इन दोनों दिनों के दौरान कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है।

12 से 16 अगस्त तक भी बरसेगा पानी
पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 और 13 अगस्त को भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं 14, 15 और 16 अगस्त को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेष रूप से 12 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का फिर से अनुमान है।

भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका
मौसम विभाग ने इस दौरान कई तरह की चुनौतियों से सावधान रहने की हिदायत दी है। भारी बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और मलबा खिसकने का खतरा काफी बढ़ सकता है। इसके अलावा, निचले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की भी आशंका जताई गई है। कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। वहीं, भारी वर्षा के चलते सड़कें फिसलन भरी हो जाएंगी और दृश्यता कम होने से यातायात व्यवस्था भी बाधित होने की संभावना है।

जनता के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे भूस्खलन, मलबा खिसकने और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। नदी, नालों और अन्य जल निकायों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही, यातायात संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन करें और अनावश्यक यात्रा करने से परहेज करें। प्रशासन को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here