हिमाचल समय न्यूज़,
10 अगस्त / धर्मशाला।
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के समर्थन में धर्मशाला के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सुधीर शर्मा के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई से जनता में रोष है। सुधीर शर्मा लगातार धर्मशाला एवं प्रदेश से जुड़े जनहित के विषयों को मजबूती से उठाते आए हैं और सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना विपक्ष के विधायक का लोकतांत्रिक अधिकार है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ पुलिस एवं प्रशासनिक कार्रवाई के माध्यम से दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष के साथ-साथ मजबूत विपक्ष की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सरकार की कमियों को उजागर करना और जनता की समस्याओं को सरकार के सामने रखना किसी प्रकार का अपराध नहीं हो सकता।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि धर्मशाला की जनता अपने विधायक सुधीर शर्मा के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार को राजनीतिक द्वेष की भावना से ऊपर उठकर काम करना चाहिए और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया या जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। यदि राजनीतिक प्रतिशोध के आधार पर विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने का प्रयास जारी रहा तो कार्यकर्ता लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध करते रहेंगे।
कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने एक स्वर में मांग उठाई कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करे, राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बंद करे और विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वापस ले।
“सुधीर शर्मा के सम्मान में, धर्मशाला मैदान में” के उद्घोष के साथ कार्यकर्ताओं ने विधायक के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।








