भूपेंद्र ठाकुर/शिमला।
31 मार्च।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना चिरगांव में पहले से दर्ज धारा 21, 25, 29, 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत हुए अभियोग में पुलिस ने रविवार (30 मार्च 2026) को शुभम डारकाल पुत्र सुरेश कुमार, निवासी चिरगांव (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि शुभम का मुख्य सप्लायर हरदीप सिंह (निवासी फिरोजपुर, पंजाब) के साथ करीब दस लाख रुपए का लेन-देन रहा है। साथ ही, मुख्य आरोपी जशनदीप के साथ भी उसके वित्तीय लेन-देन पाए गए हैं, जिससे नशा तस्करी में उसकी सक्रिय संलिप्तता स्थापित हुई है।

पंजाब में सरगना, 28 लाख का लेन-देन
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का मुख्य संचालक (सरगना) हरदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी फिरोजपुर शकूर (पंजाब) है। बैंक खातों के विश्लेषण से पता चला कि हरदीप ने मात्र सात महीनों में करीब 28 लाख रुपए का लेन-देन किया है, जिसमें जशनदीप सहित कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। इससे पहले इसी मामले में विजेंद्र सिंह उर्फ छोटू (35 वर्ष, निवासी चिरगांव) को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो इस नेटवर्क का प्रमुख डिस्ट्रीब्यूटर था।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, तीन पंजाब के
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से तीन आरोपी पंजाब के जिला मोगा एवं फिरोजपुर से संबंधित हैं। पहले की गई कार्रवाई में 83 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 45,000 रुपए नकद भी बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैकवर्ड लिंक स्थापित करते हुए इस नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता पाई। आरोपी शुभम को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।









