भावना ठाकुर,
17 नवंबर / सोलन।
जिला रोजगार विभाग सोलन द्वारा 21 नवंबर, 2026 को मॉडल कैरियर सेंटर सोलन, नजदीक डिस्ट्रॉफी हॉस्पिटल जटोली (जिला रोजगार कार्यालय), सोलन में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के कुल 42 पदों को भरा जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन ने दी।

जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार मैसर्ज़ तपन इंडस्ट्रीज, सोलन द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव के 06 पदों, टीम लीडर के 03 पदों, सर्विस मैनेजर के 01 पद, ड्राइवर के 02 पदों तथा इलेक्ट्रीशियन के 02 पदों सहित कुल 14 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, आई.टी.आई. इलेक्ट्रीशियन तथा बी.टेक मैकेनिकल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के लिए 01 से 02 वर्ष का अनुभव तथा आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
इसी प्रकार इंटीग्रेटेड मस्कुलर डिस्ट्रॉफी रिहैबिलिटेशन सेंटर, जटोली में हेल्पर एवं फिजियोथेरेपिस्ट के 03 पदों को भरने के लिए भी कैंपस इंटरव्यू होगा। हेल्पर के लिए पांचवीं पास तथा फिजियोथेरेपिस्ट के लिए फिजियोथेरेपी में स्नातक की योग्यता निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए आयु सीमा 20 से 40 वर्ष रखी गई है।
वैद्यरत्नम वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय, बद्दी द्वारा पंचकर्म थेरेपिस्ट के 25 पदों को भरने के लिए 12वीं पास युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पहले 06 माह का पंचकर्म थेरेपिस्ट प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों के रहने, खाने एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था वैद्यरत्नम वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय, बद्दी द्वारा की जाएगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव से संबंधित सभी अनिवार्य प्रमाण-पत्रों व दस्तावेजों सहित मॉडल कैरियर सेंटर सोलन, नजदीक डिस्ट्रॉफी हॉस्पिटल जटोली (जिला रोजगार कार्यालय), सोलन में 21 नवंबर, 2026 को प्रातः 10ः30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने हेतु किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय सोलन के दूरभाष नंबर 01792-227242 पर संपर्क किया जा सकता है।








