हिमाचल समय, सोलन, 21 नवंबर।
सदर थाना क्षेत्र के गाँव गलोग में नेपाली मूल की एक बुजुर्ग महिला गंगा देवी की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग निवासी 31 वर्षीय सौरव कुमार के रूप में हुई है।
सोलन के कुनिहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन के साथ तीन युवक गिरफ्तार
दरअसल, दिनांक 20 नवंबर, 2025 को पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली थी कि गाँव गलोग में एक महिला की मृत्यु हो गई है। इस सूचना पर पुलिस थाना सदर सोलन और पुलिस चौकी सपरून की एक संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। वहाँ टीम ने गंगा देवी (पत्नी स्वर्गीय चंद्र सिंह) का शव पाया।
मौके पर किए गए शव के गहन निरीक्षण में हत्या के स्पष्ट संकेत मिले। निरीक्षण के दौरान मृतका के गले में गला घोंटने के स्पष्ट निशान पाए गए। इसके अलावा, उनकी कनपटी (टेम्पल) और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान थे। मृतका की नाक और मुँह में खून जमा हुआ था, जिससे जाहिर होता है कि उनकी हत्या की गई है।
पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान मृतका के पुत्र संजु कुमार ने एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन दिन के समय उन्होंने, उनकी माँ गंगा देवी, चाचा विजय, सौरव और जीवन ने मिलकर खाना-पीना (शराब) किया था।
इसके बाद सौरव वहाँ से चला गया था। शाम करीब 5:30 बजे जब सौरव वापस आया और उन्हें उठाया, तो वह अपनी माँ को चेक करने चाचा विजय के कमरे में गए। वहाँ उनकी माँ कंबल ओढ़े सोई हुई थीं,
लेकिन जवाब नहीं दे रही थीं। जैसे ही उन्होंने माँ के मुँह से कंबल हटाया, तो देखा कि उनके मुँह से खून बह रहा था और गले पर निशान थे।संजु कुमार ने पुलिस से कहा कि उन्हें शक है कि उनकी माँ की हत्या सौरव ने ही की है, क्योंकि घटना से एक दिन पहले ही सौरव और उनकी माँ के बीच बहस हुई थी।
संजु कुमार के बयान और मौके के साक्ष्यों के आधारें पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया। दर्ज एफआईआर नंबर 0236/2025 तहत धारा 103(1) BNS (भारतीय न्याय संहिता, जो IPC का स्थान लेती है) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरव कुमार को हिरासत में ले लिया। गहन पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।अन्वेषण की कार्यवाही में पुलिस ने SFSL (State Forensic Science Laboratory),
जुन्गा की टीम की मदद से घटनास्थल का विस्तृत वैज्ञानिक निरीक्षण भी करवाया। एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए और उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी सौरव कुमार को आज दिनांक 21 नवंबर, 2025 को संबंधित न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
ताज़ा खबरों के लिए जोड़े www.himachalsamay.com








