भावना ठाकुर,
21 नवंबर / कुनिहार (सोलन)।
दिनांक 20-11-2026 को कुनिहार निवासी श्रीमती सन्तोष कुमारी ने पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके पति ने दिनांक 15-11-2026 को अपनी ब्रेजा गाड़ी गांव सनौगी में सड़क किनारे खड़ी की थी और दिनांक 20-11-2026 को प्रातः जब वह उक्त स्थान पर पहुंचे तो गाड़ी वहां से गायब पाई गई। उन्होंने अपने स्तर पर विभिन्न स्थानों पर गाड़ी की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। उन्हें आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दिनांक 15-11-2026 से 20-11-2026 के मध्य उनकी गाड़ी को चोरी करके ले गया है। चोरी हुई गाड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 9,00,000/- रुपये है, जिस पर पुलिस थाना कुनिहार में FIR No. 62/2026 दिनांक 20.11.2026 के तहत धारा 303(2) BNS में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुए वाहन की तलाश के लिए विशेष प्रयास किए। जांच के दौरान घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थापित CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों एवं प्रभावी जांच के परिणामस्वरूप चोरी हुई ब्रेजा गाड़ी को गंभरपुल-दाड़वा मार्ग पर आंजी घाट के समीप एक सुनसान स्थान से बरामद करने में सफलता हासिल हुई है। हालांकि, वाहन चोरी की वारदात में संलिप्त अज्ञात आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।








