Home ट्रेंडिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एसजेवीएन की 1320 मेगावाट बक्सर ताप...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में एसजेवीएन की 1320 मेगावाट बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट राष्ट्र को समर्पित की

4
0

भूपेंद्र ठाकुर,

21 नवंबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

भारत की विद्युत अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के वैशाली से वर्चुअल माध्यम द्वारा एसजेवीएन की 1320 मेगावाट बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट (660 मेगावाट) को राष्र्ट को समर्पित किया। एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) द्वारा विकसित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट में 7,221.09 करोड़ रुपए का निवेश शामिल है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के साथ केंद्रीय मंत्रियों, बिहार के उपमुख्यमंत्रियों, राज्य मंत्रियों तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर, बक्सर ताप विद्युत परियोजना स्थल पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें परियोजना के कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय ने भाग लिया। एसजेवीएन प्रबंधन और भारत एवं नेपाल में स्थित एसजेवीएन तथा इसकी अधीनस्थ कंपनियों के कर्मचारी लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से वर्चुअल रूप से इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।

बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित 1320 मेगावाट (2×660 मेगावाट) बक्सर ताप विद्युत परियोजना देश की विद्युत उत्पादन अवसंरचना में एक महत्वपूर्ण निवेश है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 9 मार्च, 2019 को बक्सर ताप विद्युत परियोजना की आधारशिला रखी तथा 22 अगस्त, 2025 को इसकी प्रथम यूनिट (660 मेगावाट) का उद्घाटन किया। अब दोनों यूनिटों के वाणिज्यिक प्रचालन के साथ ही परियोजना ने अपनी पूर्ण स्थापित क्षमता 1320 मेगावाट हासिल कर ली है। परियोजना की कुल स्वीकृत संशोधित लागत ₹14,269.40 करोड़ है।

इस परियोजना को 85% संयंत्र उपलब्धता फैक्टर पर प्रतिवर्ष लगभग 9,828.72 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे 25 वर्षों की अवधि में लगभग 2,45,718 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन होने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि परियोजना से उत्पादित विद्युत का 85% हिस्सा दीर्घकालिक विद्युत क्रय करार के अंतर्गत बिहार राज्य को आबंटित किया गया है।

बक्सर ताप विद्युत परियोजना अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और मॉडर्न एमिशन-कंट्रोल सिस्टम पर आधारित है, जिन्हें उच्च प्रचालन दक्षता सुनिश्चित करने तथा कोयला आधारित विद्युत उत्पादन के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से डिज़ाइन किया गया है। घरेलू कोयले की दीर्घकालिक आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड की अधीनस्थ कंपनी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के साथ ईंधन आपूर्ति करार किया गया है।

इस परियोजना से उत्पादित विद्युत बिहार की बढ़ती हुई विद्युत आवश्यकताओं, विशेष रूप से पीक डिमांड अवधि के दौरान आपूर्ति करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी तथा साथ ही इससे पूर्वी क्षेत्रीय पावर ग्रिड की विश्वसनीयता एवं स्थिरता सुदृढ़ होगी। यह औद्योगिक गतिविधियों, कृषि कार्यों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों तथा घरेलू उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगी, जिससे बिहार एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

यह परियोजना निर्माण कार्य में लगभग 2,54,932 मीट्रिक टन स्टील और 2,84,291 टन सीमेंट जैसी घरेलू सामग्रियों का बड़े पैमाने पर उपयोग करके, भारत सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के विज़न को संरेखित करती है।

निर्माण के विभिन्न चरणों के दौरान इस परियोजना में लगभग 65,000 श्रमिकों को रोजगार प्रदान किया गया, जिससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अनेक अवसर सृजित हुए तथा स्थानीय आजीविका को समर्थन मिला। अपने प्रचालन चरण में भी परियोजना क्षेत्र में रोजगार के अवसरों एवं आर्थिक गतिविधियों का निरंतर सृजन करती रहेगी।

एसजेवीएन ने यह सुनिश्चित करते हुए कि परियोजना का लाभ केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित न रहकर स्थानीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी हो, अपनी कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास पहलों के अंतर्गत परियोजना प्रभावित क्षेत्रों एवं उसके आसपास विभिन्न सामुदायिक विकास कार्यक्रमों को कार्यान्वित किया है।

एसजेवीएन लिमिटेड, विद्युत मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न सीपीएसई की स्थापना 24 मई, 1988 को भारत सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में हुई थी। 4,931.50 मेगावाट स्थापित क्षमता तथा 3,860.50 मेगावाट निर्माणाधीन परियोजनाओं के साथ एसजेवीएन भारत एवं नेपाल में अपनी उपस्थिति का निरंतर विस्तार कर रहा है तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा एवं सतत विकास में योगदान दे रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here