भूपेंद्र ठाकुर,
19 जून / शिमला।
शिमला पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर ही सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से राहत की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 जून 2026 को पुलिस थाना ढली में एक बेसुध पिता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस का सहारा लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना ढली में अभियोग संख्या 43/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया और खोजबीन अभियान तेज कर दिया। पुलिस टीमों ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय स्रोतों का भरपूर उपयोग करते हुए टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देती रहीं।
पुलिस के अथक प्रयास रंग लाए और दिनांक 18 जून 2026 को बालिका को डिब्बा (धर्मपुर) क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि बालिका बिना किसी को बताए घूमने के इरादे से घर से निकल गई थी। पुलिस ने उसे पूरी सुरक्षा और कानूनी औपचारिकताओं के साथ उसके परिजनों को सौंप दिया।

शिमला पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामले उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होते हैं। इस तरह के मामलों में त्वरित संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करना हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और किसी भी अनहोनी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।








