भावना ठाकुर,
19 जून / परवाणू (सोलन)।
थाना परवाणू पुलिस को एक संवेदनशील मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने आज तड़के चंडीगढ़ से मामले के चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले इस प्रकरण में तीन आरोपियों को पहले ही पुलिस हिरासत में लिया जा चुका था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की आगामी जांच के दौरान पहले से गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और अन्य ठोस सबूतों के आधार पर एक अन्य संलिप्त व्यक्ति की पहचान की गई। सुराग मिलते ही परवाणू पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
आज सुबह-सुबह पुलिस टीम ने चंडीगढ़ से आरोपी विवेक नन्द (उम्र 40 वर्ष), पुत्र श्री विशेश्वर, निवासी सेक्टर-15C, चंडीगढ़ को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपी को आज ही माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, साथ ही अन्य राज्यों और जिलों में उसकी संभावित संलिप्तता के बारे में भी विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों, उपलब्ध साक्ष्यों और अपराध के विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस टीम मामले की सभी बारीकियों को उजागर करने में जुटी हुई है।








