Home क्राइम शिमला पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, दो अंतरराज्यीय नशा सप्लाई...

शिमला पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, दो अंतरराज्यीय नशा सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त, दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

3
0

भूपेंद्र ठाकुर,

05 अक्टूबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में दो एनडीपीएस मामलों में बैकवर्ड लिंकेज विकसित कर दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार करते हुए दो अंतरराज्यीय नशा सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।

पुलिस थाना बालूगंज, जिला शिमला में पंजीकृत अभियोग संख्या 201/26 दिनांक 27.09.2026, अन्तर्गत धारा 21, 29 एनडीपीएस एक्ट में मादक पदार्थ की सप्लाई के बैकवर्ड लिंकेज की जांच के आधार पर एक अन्य आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 27.09.2026 को शोघी क्षेत्र में चैकिंग के दौरान आरोपी क्षितिज वर्मा, निवासी तहसील निथर, जिला कुल्लू, उम्र 26 वर्ष के कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी। इस संबंध में थाना बालूगंज में अभियोग दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आगे की तफ्तीश के दौरान सामने आया कि आरोपी क्षितिज वर्मा मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी रोहित उर्फ राहुल के संपर्क में था, जो इस मामले में मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया है। आरोपी क्षितिज के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन के विश्लेषण के दौरान दोनों के बीच व्हाट्सएप चैट्स पाई गईं।

इसके अतिरिक्त सीडीआर एवं आईपीडीआर के विश्लेषण से भी दोनों के बीच संपर्क तथा मनीमाजरा, चंडीगढ़ में उनके बीच हुई मुलाकात/संपर्क से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। इन डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा तफ्तीश के दौरान प्राप्त अन्य तथ्यों के आधार पर मादक पदार्थ की सप्लाई से संबंधित बैकवर्ड लिंकेज विकसित किए गए।

प्राप्त बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस थाना बालूगंज द्वारा एक विशेष टीम गठित कर चंडीगढ़ भेजी गई, जिसने दिनांक 04.10.2026 को आरोपी रोहित उर्फ राहुल, निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ को उक्त अभियोग में गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा उनके आपसी लिंकेज की जांच की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।

इसी प्रकार, पुलिस थाना चड़गांव, जिला शिमला में पंजीकृत अभियोग संख्या 97/26 दिनांक 27.09.2026, अन्तर्गत धारा 21, 29 एनडीपीएस एक्ट में भी दौराने अन्वेषण मादक पदार्थ की सप्लाई के बैकवर्ड लिंकेज विकसित किए गए।

दिनांक 27.09.2026 को पुलिस टीम द्वारा गश्त के दौरान बडियारा क्षेत्र में एक व्यक्ति अमित पुत्र श्री सुरेश चौहान, निवासी तहसील चिड़गांव, जिला शिमला, उम्र 30 वर्ष को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। आरोपी के कब्जे से लगभग 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। आरोपी अमित को उक्त चिट्टा अपने कब्जे में रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया तथा उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।

दौराने अन्वेषण, प्राप्त सुरागों के आधार पर नशे की सप्लाई के स्रोत तथा इसके पीछे सक्रिय व्यक्तियों की पहचान के लिए बैकवर्ड लिंकेज विकसित किया गया। मोबाइल फोन से प्राप्त डेटा तथा सीडीआर आधारित तकनीकी अन्वेषण के माध्यम से प्राप्त सुरागों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरामद चिट्टा बलौंगी, मोहाली (पंजाब) में वीरेंद्र नामक व्यक्ति से प्राप्त किया गया था। आगे की जांच में संदीप पुत्र श्री वीरेन्द्र, निवासी गांव थाना, डाकघर रोहल, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला, उम्र 41 वर्ष की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

प्राप्त बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरोपी संदीप की तलाश की गई तथा उसे बलौंगी, मोहाली (पंजाब) से तलाश कर पूछताछ के उपरांत दिनांक 30.09.2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।

मामले में आगामी अन्वेषण के दौरान नशे की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा उनके आपसी लिंकेज की जांच की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।

शिमला पुलिस की बदली रणनीति में केवल बरामदगी एवं गिरफ्तारियों तक सीमित न रहते हुए, मुख्य सप्लायरों एवं सप्लाई चेन में संलिप्त सभी व्यक्तियों तक पहुंच बनाई जा रही है तथा नशे के सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है। इसके लिए मामलों में प्राप्त सुरागों, डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल डेटा, सीडीआर, आईपीडीआर तथा अन्य तकनीकी एवं विवेचनात्मक साक्ष्यों का विश्लेषण कर बैकवर्ड लिंकेज विकसित किए जा रहे हैं।

वर्ष 2026 में अब तक 80 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर 61 नशा सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। जबकि वर्ष 2024 में 8 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर 4 नेटवर्क तथा वर्ष 2025 में 14 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर 3 नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here