Home कल्चर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र 2026 के दौरान सुरक्षा एवं यातायात...

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र 2026 के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख़्ता इंतज़ाम

4
0

भूपेंद्र ठाकुर,

20 अगस्त / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र 2026 के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन के लिए शिमला पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगभग 750 पुलिस कर्मियों एवं अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

विधानसभा परिसर तथा इसके आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से 3 मुख्य सेक्टरों तथा उनके विभिन्न उप-सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक उप-सेक्टर का नेतृत्व एक राजपत्रित पुलिस अधिकारी द्वारा किया जा रहा है। सभी सेक्टरों एवं उप-सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ बहु-स्तरीय चेकिंग एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल को आज दक्षिणी रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक श्रीमती अंजुम आरा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला श्री गौरव सिंह द्वारा विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी, जिम्मेदारियों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी को पूरी दक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ निभा सके।

शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत शोघी, मेहली, मशोबरा-ढली बाईपास तथा तवी मोड़ सहित शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

सत्र के दौरान रात्रिकालीन चेकिंग एवं गश्त को प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, शिमला शहर के विभिन्न होटलों, सरायों एवं अन्य ठहरने के स्थानों की चेकिंग की कार्रवाई जारी है। साथ ही, पुलिस द्वारा खुफिया एवं आसूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए संभावित सुरक्षा चुनौतियों के संबंध में लगातार जानकारी एकत्रित एवं उसका विश्लेषण किया जा रहा है।

विधानसभा सत्र के दौरान यातायात के सुचारू संचालन के लिए विस्तृत यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित एवं परिवर्तित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा आम जनता को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करना है।

शिमला पुलिस विधानसभा के मानसून सत्र के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के दौरान आम जनता को कोई असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here