भूपेंद्र ठाकुर,
20 अगस्त / शिमला।
जिला पुलिस शिमला की मासिक अपराध समीक्षा बैठक 19 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासित एवं पेशेवर कार्यशैली अपनाने, पुलिस वर्दी और अपने दायित्वों पर गर्व करने तथा जनता को बेहतर, संवेदनशील और प्रभावी पुलिसिंग उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

बैठक में जुलाई माह तथा चालू वर्ष के दौरान जिले में अपराधों की स्थिति और उनके रुझानों की गहन समीक्षा की गई। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एनडीपीएस मामलों में केवल सतही कार्रवाई न करें, बल्कि बेहतर डिटेक्शन, बैकवर्ड लिंक की जांच कर बड़े नेटवर्क तक पहुंचें और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। साथ ही ऐसे मामलों में वित्तीय जांच को प्राथमिकता देते हुए अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर फ्रीज करने और आवश्यकता पड़ने पर PIT-NDPS Act के तहत निवारक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिले के सभी संवेदनशील मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिलाओं से संबंधित अपराधों की जांच में संवेदनशीलता, पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण और त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई पर जोर दिया गया। इसके अलावा लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर चोरी एवं सेंधमारी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गए माल की बरामदगी तथा मामलों के शीघ्र अनावरण पर विशेष बल दिया गया। सभी इकाइयों को मामलों के डिटेक्शन की गुणवत्ता और सफलता दर में सुधार लाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में साइबर पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने, सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों पर सतत निगरानी रखने, कानून एवं व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त, नाकाबंदी और अन्य निवारक कार्रवाइयों को सशक्त करने तथा अपराध की रोकथाम एवं अनावरण में तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग के बेहतर समन्वय पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के अंत में एसएसपी ने पुलिस बल के कल्याण एवं सुविधाओं से संबंधित विषयों की समीक्षा की और अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक निर्णय लिए। उन्होंने सभी से टीम भावना, ईमानदारी और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही बेहतरीन कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। एसएसपी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, और हमें उसे और मजबूत करना है।








