अनूप ठाकुर,
18 अगस्त / संगड़ाह। (सिरमौर)।
उपमंडल की राजकीय प्राथमिक पाठशाला लगनू में मंगलवार को कक्षा के दौरान कमरे की छत का भारी प्लास्टर अचानक नीचे आ गिरा। हादसे में चौथी कक्षा की छात्रा काव्या घायल हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान बजरीनुमा भारी प्लास्टर का हिस्सा टूटकर छात्रा काव्या के सिर पर जा गिरा। सिर पर गहरी चोट आने के कारण स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।

स्कूल प्रशासन ने घायल छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह पहुंचाया। उपचार करने के पश्चात सिटी स्कैन के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
सिर में लगे 10 टांके
छात्रा के पिता कपिल कंठ ने बताया कि “काव्या के सिर में दस टांके लगे हैं।” फिलहाल काव्या का इलाज नाहन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
BMO और प्रधान ने क्या कहा
घटना की सूचना मिलते ही खंड स्वास्थ्य अधिकारी *सुनील कक्कड़ बताया कि “सुबह सिर पर चोट लगने के कारण एक बच्ची को उसके परिजन अस्पताल लेकर आए थे। उनका उपचार करने के पश्चात सिटी स्कैन के लिए नाहन रैफर किया गया है
संगड़ाह ग्रामीण पंचायत प्रधान तपेंद्र सिंह राणा ने स्कूल की बदहाली पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि “लगनू प्राथमिक पाठशाला में 30 बच्चों के लिए सिर्फ एक ही शिक्षक तैनात है। यहां न कोई पीयन है और न ही अन्य स्टाफ। कई बार विभाग को अवगत करवाया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।”
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल भवन की तुरंत जांच कर मरम्मत करवाई जाए और स्टाफ की कमी को दूर किया जाए।








