Home डेली न्यूज़ रिकांगपिओ में हिमाचल दिवस समारोह: कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए की आस,...

रिकांगपिओ में हिमाचल दिवस समारोह: कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए की आस, सीएम सुक्खू से बड़ी उम्मीदें

14
0

भूपेंद्र ठाकुर,

15 अप्रैल/किन्नौर।

Jeevan Ayurveda Clinic

किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में बुधवार को होने वाले राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह से प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, और कर्मचारी वर्ग को उम्मीद है कि सीएम उनके लंबित महंगाई भत्ते (डीए) सहित कई मांगों पर कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।

13 फीसदी डीए लंबित, बजट में पहले ही कई एलान

कर्मचारियों और पेंशनरों का 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता अब भी लंबित है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने बजट में कर्मचारियों के हित में कई घोषणाएं पहले ही की हैं। बजट में दैनिक वेतन (दिहाड़ी) को बढ़ाकर 450 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है, वहीं आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन 13,750 रुपये निर्धारित किया गया है।

हिमाचल दिवस पर और बड़े एलान की संभावना

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री हिमाचल दिवस के अवसर पर दिहाड़ी को और बढ़ाने की घोषणा कर सकते हैं। इसके अलावा, 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 के दौरान सेवानिवृत्त हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को बकाया ग्रेच्युटी और लीव इन कैशमेंट का भुगतान करने की भी संभावना है। साथ ही, अध्ययन अवकाश (स्टडी लीव) पर जाने वाले कर्मचारियों को 100 प्रतिशत वेतन देने की घोषणा भी की जा सकती है।

कर्मचारी नेताओं ने जताई उम्मीद

अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने कहा, “मुख्यमंत्री हिमाचल दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को कुछ न कुछ जरूर देंगे। हिमाचल का कर्मचारी वर्ग और पेंशनर बड़ी आस लगाए हुए हैं।”

प्रदेश भर के कर्मचारी और पेंशनर अब मुख्यमंत्री सुक्खू के बुधवार के एलानों की ओर देख रहे हैं। देखना यह होगा कि सीएम इन उम्मीदों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here