भूपेंद्र ठाकुर,
20 अगस्त / रामपुर (शिमला)।
रामपुर, 20 अगस्त 2026। हनुमान मंदिर, मेन बाजार रामपुर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तीसरे ही दिन खुलासा कर दिया। आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि 15 अगस्त को मंदिर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा नकद राशि चोरी करने की शिकायत मिली थी। इस पर पुलिस थाना सिटी रामपुर में अभियोग संख्या 81/2026, धारा 331(4) व 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्ध की पहचान सौरव पुत्र श्री दीप बहादुर, निवासी कुल्लू (उम्र 21 वर्ष) के रूप में की गई। आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन पुलिस टीम की सतत मेहनत रंग लाई और उसे 20 अगस्त को लुधियाना से कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अब चोरी की राशि की बरामदगी और अन्य संभावित वारदातों में आरोपी की संलिप्तता की जांच कर रही है।








