भावना ठाकुर,
11 अगस्त / परवाणू (सोलन)।
पुलिस थाना परवाणू द्वारा गठित पी.ओ. सैल की टीम ने भगोड़े अपराधियों की तलाश के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने अंकुर धीमान (26 वर्ष) पुत्र बच्चन सिंह, निवासी गाँव खडीन, डाकखाना नयाग्राम, तहसील कसौली, जिला सोलन को उसके गाँव खडीन परवाणू से गिरफ्तार किया।

आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना परवाणू में अभियोग संख्या 102/2026, दिनांक 08-08-2026, धारा 209, 269 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि आरोपी पर पूर्व में भी थाना परवाणू में अभियोग संख्या 91/2021, दिनांक 10-10-2021, धारा 21 NDPS Act दर्ज किया गया था, जिसमें उसके कब्जे से 4.54 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। उस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मुचलके पर रिहा हो गया था। पुलिस ने उक्त मामले में आरोपपत्र भी न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
विचारण के दौरान माननीय न्यायालय ने आरोपी को बार-बार उपस्थित होने के आदेश दिए, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। इसके चलते 12 जनवरी 2026 को न्यायालय ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी, परंतु आरोपी ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। गुप्त सूचना और सतत निगरानी के आधार पर अंततः 08 अगस्त 2026 को उसे परवाणू से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को आज 09 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जाँच जारी है।








