भावना ठाकुर,
14 नवंबर / सोलन।
लायंस क्लब सोलन वैली एवं लायंस क्लब अमृतसर सिविल लाइन्स के संयुक्त तत्वावधान में 15 नवंबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे दुर्गा क्लब, सोलन में भव्य लायंस क्लब ट्विनिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लायन पी. एस. चावला एमजेएफ, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट 321-डी मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दोनों क्लबों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारा, संगठनात्मक एकता एवं समाज सेवा की भावना को और अधिक मजबूत करना है। इस अवसर पर जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण सेवा परियोजनाएं आयोजित की जाएंगी।

सेवा परियोजनाओं के अंतर्गत जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 10 सिलाई मशीनों का वितरण किया जाएगा। विभिन्न जरूरतमंद संस्थानों एवं स्थानों पर 10 वाटर कूलर भी वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राशन किट वितरित की जाएंगी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन एमजेएफ लायन विनीत राय सूद एवं एमजेएफ लायन सुमित डांग रहेंगे। लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष एमजेएफ लायन रामिंदर बावा, सचिव एमजेएफ लायन डॉ. आर. के. सूद एवं कोषाध्यक्ष लायन शक्ति अवस्थी सहित क्लब के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
लायंस क्लब अमृतसर सिविल लाइन्स की अध्यक्ष लायन मनिंदर पाल कौर, सचिव लायन राजेश सेठी, कोषाध्यक्ष लायन प्रीतपाल सिंह एवं पीआरओ लायन राजवंत कौर सहित अन्य सदस्य भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों एवं लायन सदस्यों के लिए सामूहिक दोपहर भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
लायंस क्लब का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश पहुंचे। कार्यक्रम का संदेश है—Together We Serve, Together We Care, Together We Make a Difference तथा We Serve with Passion, We Lead with Compassion.








