Home चुनाव भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने के आरोपों पर जे शमशेर प्रकाश...

भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने के आरोपों पर जे शमशेर प्रकाश के तबादले की मांग उठाई

7
0

-पंचायत चुनावों में प्रशासनिक दुरुपयोग की आशंका, भाजपा ने राज्य चुनाव आयोग को सौंपा शिकायत पत्र

भूपेंद्र ठाकुर,

9 मई/शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic


भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायत चुनावों की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर राज्य चुनाव आयोग के समक्ष एक और गंभीर मामला उठाते हुए पांवटा साहिब विकास खंड में कार्यरत जूनियर इंजीनियर शमशेर प्रकाश के तत्काल तबादले की मांग की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा राज्य चुनाव आयोग को भेजे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि पंचायत चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर, तहसील पांवटा साहिब से श्रीमती किरण बाला प्रधान पद का चुनाव लड़ रही हैं, जो वर्तमान में विकास खंड पांवटा साहिब में तैनात जूनियर इंजीनियर शमशेर प्रकाश की पत्नी हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि शमशेर प्रकाश, ब्लॉक विकास अधिकारी के साथ मिलीभगत कर पंचायत चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से अपनी पसंद के सरकारी अधिकारियों की तैनाती करवाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां ग्राम पंचायत चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग की आशंका को बढ़ाती हैं। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि चुनाव आयोग पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि जिन सरकारी अधिकारियों के करीबी परिजन चुनाव लड़ रहे हों, उन्हें संबंधित क्षेत्र या अधिकार क्षेत्र में तैनात नहीं रखा जाना चाहिए, क्योंकि इससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
भाजपा ने राज्य चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए शमशेर प्रकाश का तत्काल प्रभाव से तबादला करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव हैं और यदि प्रशासनिक अधिकारी अपने पद का उपयोग राजनीतिक या पारिवारिक लाभ के लिए करेंगे तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा होगा।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग लगातार बढ़ रहा है और पंचायत चुनावों को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि भाजपा लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी तथा जनता के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here