भूपेंद्र ठाकुर,
14 जुलाई / शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने चोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि इस मामले में एक नाबालिग भी संलिप्त पाया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने की। बीते दिन यानी 13 जुलाई को जब टीम सुन्नी क्षेत्र में नियमित गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी, तो उन्हें एक पिकअप वाहन संदिग्ध लगा। जब पुलिस ने बारीकी से वाहन की तलाशी ली, तो उसमें तिरपाल के नीचे एक मोटरसाइकिल छिपाकर रखी मिली।
पुलिस ने जब वाहन में सवार लोगों से इस बाइक के कागजात मांगे, तो वे कोई ठोस जवाब या दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इस पर पुलिस को शक हुआ और उन्होंने तुरंत मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन दोनों को जब्त कर लिया और सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी।
इसी दौरान थाना सुन्नी में एक व्यक्ति ने अपनी खोई हुई बाइक की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब बरामद बाइक की जांच की तो वह इसी शिकायत से मेल खाती निकली। इसके बाद थाना सुन्नी में मामला दर्ज कर (अभियोग संख्या 28/2026) जांच तेज कर दी गई।
पुलिस ने जांच में तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंदीप सिंह (25) और साजन सिंह (25) के रूप में हुई है, जो दोनों पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं। वहीं इस गिरोह में एक नाबालिग भी शामिल मिला, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने चोरी की बाइक को बरामद कर लिया है और आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किसी और चोरी की वारदात में भी शामिल तो नहीं हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।








