Home ट्रेंडिंग सोलन जिला परिषद में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, 2027 विधानसभा चुनाव का...

सोलन जिला परिषद में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, 2027 विधानसभा चुनाव का जनादेश स्पष्ट : डॉ. राजीव बिंदल

2
0

– सत्ताबल, धनबल और प्रशासनिक दबाव के बावजूद कांग्रेस पर भारी पड़ी भाजपा, प्रदेश में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय : डॉ. राजीव बिंदल

भावना ठाकुर,

13 जुलाई / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोलन जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत पर प्रदेश की जनता, निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों एवं संगठन के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम केवल जिला परिषद का चुनाव नहीं, बल्कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सोलन जिला परिषद में भाजपा ने निर्विरोध अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुने हैं, उससे साफ हो गया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सोलन जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि अब तक प्रदेश के आठ जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इनमें से सात जिला परिषदों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं, जबकि कांग्रेस केवल एक जिला परिषद में भी बेहद मामूली अंतर से जीत दर्ज कर सकी। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार तक मैदान में नहीं उतार पाई, जो प्रदेश में उसकी राजनीतिक स्थिति को स्वयं स्पष्ट करता है।

उन्होंने कहा कि सोलन जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी और भाजपा समर्थित कुमारी शीला सर्वसम्मति से जिला परिषद अध्यक्ष तथा पंकज शर्मा सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने इसे भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और कांग्रेस के प्रति जनता के अविश्वास का प्रमाण बताया।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों को टालने के लिए हरसंभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद लगभग आठ महीने की देरी से चुनाव कराए गए, जो कांग्रेस सरकार की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार ने सत्ता और प्रशासन का खुलकर दुरुपयोग किया। भाजपा समर्थित जिला परिषद, बीडीसी एवं नगर निकाय प्रतिनिधियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, उनके परिवारजनों के तबादले किए गए, झूठे मुकदमे दर्ज करवाए गए और विभिन्न प्रकार के दबाव बनाए गए। इसके बावजूद कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिली और जनता ने भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के पिछले लगभग चार वर्षों के कार्यकाल से पूरी तरह निराश हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य ठप पड़े हैं, बेरोजगारी बढ़ी है, जनहित की योजनाएं प्रभावित हुई हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता का उपयोग जनता की सेवा के बजाय अपने चहेतों और राजनीतिक हितों को साधने के लिए किया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला परिषद चुनावों के परिणाम यह स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को अस्वीकार कर चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश की सेवा का अवसर देगी।

अंत में डॉ. बिंदल ने सभी नव-निर्वाचित जिला परिषद प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनसेवा, पारदर्शिता और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोलन जिले के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here