Home ट्रेंडिंग डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने एसएचपीपीसी एवं एचपीएमएससीएल की बैठकों की...

डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने एसएचपीपीसी एवं एचपीएमएससीएल की बैठकों की अध्यक्षता की

3
0

भूपेंद्र ठाकुर,

28 नवंबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां विशेष उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति
(एसएचपीपीसी) की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के लिए पांच 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीनों की खरीद प्रक्रिया जारी है तथा शीघ्र ही ये मशीनें संबंधित संस्थानों को उपलब्ध करवा दी जाएंगी, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


उन्होंने कहा कि विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में ट्रैक आधारित एकीकृत टोटल लैब ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है तथा शीघ्र ही इनके लिए निविदाएं आवंटित कर दी जाएंगी।
बैठक में यह अवगत करवाया गया कि अत्याधुनिक इको कार्डियोग्राफी मशीनों, पैट स्कैन मशीन तथा खंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों के लिए विभिन्न प्रकार की मशीनरी एवं उपकरणों की खरीद प्रक्रिया भी जारी है। इसके अतिरिक्त पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चंबा के लिए डिजिटल मैमोग्राफी मशीन और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के लिए विभिन्न प्रकार की सिरिंज, चिकित्सा उपभोग्य सामग्री एवं शल्य चिकित्सा संबंधी उपकरणों तथा अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट की खरीद भी की जा रही है।
डॉ. शांडिल ने विभिन्न दवाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए एसएचपीपीसी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति के गठन से पूर्व प्रचलित जटिल और महंगी खरीद प्रक्रियाओं पर अंकुश लगा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए इसे और अधिक गति प्रदान की जाए, ताकि प्रदेश की जनता को इसका लाभ मिल सके।
इससे पूर्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीएमएससीएल) के निदेशक मंडल की 9वीं बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक में एचपीएमएससीएल के दैनिक कामकाज के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारियों की भर्ती एवं सेवाएं लेने को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें फार्मासिस्ट, कनिष्ठ लेखाकार, मल्टी-टास्क वर्कर, जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) इत्यादि के पदों पर भर्ती तथा परामर्श सेवाएं लेने की मंजूरी शामिल है।
बैठक में एचपीएमएससीएल के वित्तीय विवरणों, जिनमें बैलेंस शीट, लाभ-हानि खाते, नकदी प्रवाह विवरण तथा उनसे संबंधित सभी अनुसूचियों एवं टिप्पणियों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि एचपीएमएससीएल की स्थापना प्रदेश में दवाओं, शल्य चिकित्सा सामग्री, चिकित्सा उपभोग्य वस्तुओं, चिकित्सा उपकरणों, यंत्रों एवं मशीनरी की खरीद और वितरण के लिए राज्य की क्रय एजेंसी के रूप में की गई है। यह निगम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग, दंत स्वास्थ्य सेवाएं विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आने वाले राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाने, निर्माण कार्यों को निष्पादित करने तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद का कार्य भी करता है।
बैठक में सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी, विशेष सचिव (वित्त) विजय वर्धन, एचपीएमएससीएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here