भूपेंद्र ठाकुर,
27 नवंबर / शिमला।
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आदतन तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सोहन लाल उर्फ हैप्पी (38 वर्ष), निवासी रहीघाट, तहसील ठियोग, जिला शिमला को PIT ND&PS Act के तहत निरुद्ध किया गया है। आरोपी के विरुद्ध Detention Order No. CID/PIT ND&PS/2026-226-230 दिनांक 25.11.2026 के अनुपालन में सक्षम प्राधिकारी, हिमाचल प्रदेश द्वारा धारा 3(1) PIT ND&PS Act के तहत 03 माह की अवधि के लिए निरोध आदेश जारी किया गया। दिनांक 26.11.2026 को आरोपी को उसके निवास स्थान रहीघाट से नियमानुसार निरुद्ध किया गया और इसके उपरांत निरुद्ध व्यक्ति को सुरक्षा व्यवस्था के साथ मॉडल सेंट्रल जेल कंडा, जिला शिमला में दाखिल करवाया गया।

उक्त आरोपी के विरुद्ध नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान एवं जब्ती के लिए विस्तृत वित्तीय जांच भी की गई थी, जिसके तहत नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 1.64 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की गई हैं। इस प्रकार शिमला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध न केवल नशा तस्करी के मामलों में कानूनी कार्रवाई की, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसकी आर्थिक ताकत को कमजोर किया है। PIT ND&PS Act के तहत निरोध एक महत्वपूर्ण निवारक कार्रवाई है, जिसके माध्यम से नशा तस्करी में संलिप्त ऐसे आदतन अपराधियों को, जिनकी गतिविधियां समाज के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं, अवैध नशा कारोबार जारी रखने से रोका जाता है। शिमला पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करने, बार-बार अपराध करने वाले तस्करों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए गिरफ्तारी के साथ-साथ ऐसी प्रभावी निवारक कार्रवाई भी कर रही है। इस निरोध के साथ शिमला पुलिस द्वारा PIT ND&PS Act के तहत निरुद्ध किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 52 हो गई है।








