Home ट्रेंडिंग 200 फुट गहरी खाई में गिरी कार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल...

200 फुट गहरी खाई में गिरी कार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घायल को अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल

33
0

– कुमारहट्टी टनल के पास हुआ हादसा, एजी कार्यालय शिमला के दो कर्मचारी गंभीर घायल, आईजीएमसी रेफर किए जाने की संभावना

भावना ठाकुर,

05 अगस्त / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

दुर्घटना के बाद मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गंभीर रूप से घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जिससे उसे समय रहते उपचार मिल सका।

जानकारी के अनुसार रविवार सायं करीब 6 बजे कुमारहट्टी टनल से आगे चंडीगढ़ की ओर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एजी कार्यालय शिमला में कार्यरत दो कर्मचारी, कर्म और सत्येंद्र, गंभीर रूप से घायल हो गए।

संयोगवश उसी समय डॉ. राजीव बिंदल नाहन की ओर जा रहे थे। दुर्घटना देखते ही उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने एक गंभीर रूप से घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर बिना समय गंवाए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया। वहीं दूसरे घायल को करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया।

घटना के बाद डॉ. बिंदल ने रास्ते से ही दूरभाष पर स्थानीय लोगों एवं पार्टी पदाधिकारियों को सूचना देकर तत्काल अस्पताल पहुंचने का आग्रह किया। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही एजी कार्यालय के ऑडिटर, जो इन दिनों सीएमओ कार्यालय सोलन में ऑडिट कार्य के सिलसिले में आए हुए हैं, भी अपने साथियों का हालचाल जानने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किए जाने की संभावना है।

अस्पताल में मौजूद लोगों ने डॉ. राजीव बिंदल द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। सभी ने दोनों घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here