Home ट्रेंडिंग सिरमौर को विद्युत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए मोदी सरकार ने दिए...

सिरमौर को विद्युत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए मोदी सरकार ने दिए ₹194.42 करोड़, कांग्रेस सच्चाई छिपाने का कर रही प्रयास : डॉ. राजीव बिंदल

4
0

हिमाचल समय न्यूज़,

14 जुलाई / नाहन।

Jeevan Ayurveda Clinic

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता को यह जानना चाहिए कि जिला सिरमौर में बिजली व्यवस्था के व्यापक आधुनिकीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए भारत सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के अंतर्गत ₹194.42 करोड़ की ऐतिहासिक परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरी योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका नोडल एजेंसी पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) है और इसी के माध्यम से प्रदेश में कार्यों का संचालन किया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने बताया कि इस परियोजना के तहत नाहन विधानसभा क्षेत्र में ₹86.75 करोड़, पांवटा साहिब क्षेत्र में ₹70.50 करोड़ तथा राजगढ़ क्षेत्र में ₹37.17 करोड़ की लागत से बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिरमौर जिले की विद्युत व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप मजबूत बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत खैरी पावर हाउस को मोगीनंद ग्रिड से जोड़ने, अंधेरी पावर हाउस को खैरी एवं मोगीनंद से जोड़ने, नए विद्युत ढांचे का निर्माण करने तथा नाहन शहर को दो अलग-अलग स्रोतों से 24×7 निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त काला आम, धौलाकुआं, नाहन, दो-सड़का, धाटी तथा पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र में भी बिजली वितरण प्रणाली का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर में लाखों करोड़ रुपये की लागत से संचालित RDSS योजना का बड़ा लाभ हिमाचल प्रदेश को मिला है। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले में चल रहे लगभग सभी प्रमुख विद्युत सुधार कार्य केंद्र सरकार की शत-प्रतिशत वित्तपोषित योजना के अंतर्गत किए जा रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस सरकार और प्रदेश के एक मंत्री के उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें इन कार्यों का श्रेय प्रदेश सरकार को देने का प्रयास किया गया। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में बिजली बोर्ड के माध्यम से काम कर रही है, जबकि पूरी वित्तीय सहायता केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई है। जनता को यह सच्चाई बताना कांग्रेस सरकार का दायित्व था, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को छिपाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को जनता को गुमराह करने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का धन्यवाद करना चाहिए, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के बिजली ढांचे को मजबूत बनाने के लिए उदारतापूर्वक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा तथ्यों और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में केंद्र सरकार की भूमिका को नकारने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता सब कुछ देख रही है और जानती है कि हिमाचल प्रदेश के विकास में सबसे बड़ा योगदान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here