भावना ठाकुर,
02 जुलाई / सोलन।
भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल नगर निगम सोलन की प्रबुद्ध जनता का पुनः हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करती है। जनता ने लोकतंत्र और विकास के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश देकर भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास व्यक्त किया है।

शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नगर निगम सोलन में जनता का स्पष्ट जनादेश न होने के बावजूद विभिन्न लोकतांत्रिक एवं प्रशासनिक उपायों के माध्यम से नगर निगम पर नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया, जिसका भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल कड़े शब्दों में विरोध करता है।
उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह रहा कि हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में हुए चुनावों में तीन नगर निगमों के परिणाम घोषित होने के बाद भी किसी प्रकार का नियम परिवर्तन नहीं किया गया, जबकि केवल नगर निगम सोलन के मामले में चुनाव प्रक्रिया के दौरान बार-बार नियमों में बदलाव किए गए। भाजपा का कहना है कि इससे सरकार की मंशा पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि अंततः लोकतंत्र की जीत हुई और जनता के जनादेश के सामने कांग्रेस सरकार के सभी प्रयास विफल साबित हुए। नगर निगम सोलन में भारतीय जनता पार्टी के महापौर (मेयर) श्रीमती सुषमा शर्मा तथा उपमहापौर (डिप्टी मेयर) श्री गौरव का निर्वाचन जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों की विजय है।

भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल नगर निगम की नव-निर्वाचित टीम को हार्दिक बधाई देता है तथा विश्वास व्यक्त करता है कि नई टीम सोलन के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।








