भावना ठाकुर,
21 जून / सोलन।
जिले के सबसे बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ‘राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेला’ की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। 26 से 28 जून तक चलने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोलन के नेतृत्व में एक बहुआयामी एवं प्रभावी सुरक्षा रणनीति तैयार की गई है।
मेले में हजारों श्रद्धालुओं, बाहरी राज्यों के पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों के उमड़ने की संभावना को देखते हुए पूरे सोलन शहर को 6 मुख्य सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनकी सुरक्षा के लिए करीब 600 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है। प्रत्येक सेक्टर की कमान एक राजपत्रित पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है, जो क्षेत्र की सतत निगरानी करेगा।

यातायात व बैरियर व्यवस्था:
मेले के दौरान यातायात को सुगम बनाने के लिए 24 घंटे कार्यरत 3 पुलिस बैरियर स्थापित किए जा रहे हैं, जो क्रमशः देव भूमि अपार्टमेंट (शामती-राजगढ़ बाईपास), होटल द क्लिफ (कांगड़ा मेट्री सभा के निकट) और सपरुन चौक पर रहेंगे। साथ ही, वैकल्पिक मार्गों, वन-वे ट्रैफिक, पार्किंग व गति सीमा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
टेक्नोलॉजी व निगरानी:
पूरे मेला परिसर पर नजर रखने के लिए 200 सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और बॉडी वॉर्न कैमरे लगाए जा रहे हैं। मोबाइल पेट्रोलिंग को और मजबूत करने के लिए 7 बाइक और 4 वाहन पेट्रोलिंग दल शिफ्टों में गश्त करेंगे। जेबकतरों व संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सादी वर्दी में निगरानी दल भी तैनात किए जाएंगे।
आपातकालीन व सहायता व्यवस्था:
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, बम निष्क्रिय दस्ता, आंसू गैस स्क्वाड, आपदा प्रबंधन दल (डीएमटी), क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) व विशेष सुरक्षा इकाई (एसएसयू) को अलर्ट रखा गया है। साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और गुमशुदा व्यक्तियों की सहायता के लिए महिला थाना सोलन में एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की जा रही है। मेडिकल इमरजेंसी के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय किया गया है, जबकि ठोडो ग्राउंड में रिजर्व पुलिस बल तैनात रहेगा।
एसपी सोलन का निरीक्षण व निर्देश:
एसपी सोलन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व थाना प्रभारी सोलन के साथ माता शूलिनी मंदिर, मेला स्थल, सभी 6 सेक्टरों, पार्किंग स्थलों व मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि:
- भीड़ अधिक होने पर निकासी मार्ग पूरी तरह स्पष्ट रखे जाएं।
- धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए।
- सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय दुकानदारों व एनजीओ से सहयोग लिया जाए।
- व्यापारियों के लिए अहम सूचना – पुराना बस अड्डा से चौक बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक व कोटला नाला चौक तक 26 से 28 जून तक सभी प्रकार की हाथ से चलने वाली रेहड़ी/ठेले लाने-ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जनता से अपील:
पुलिस अधीक्षक महोदय ने आमजन से शांति व सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। यदि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आए तो तुरंत नजदीकी पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम (01792-223836) पर सूचना दें। मेले की हर अपडेट के लिए सोलन पुलिस के फेसबुक पेज को फॉलो करें।
गौरतलब है कि इस आयोजन में एनजीओ व एनसीसी स्काउट्स की भी अहम भूमिका रहेगी। सोलन पुलिस ने कहा कि शूलिनी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सोलन की सांस्कृतिक विरासत है, और इसे सुरक्षित व भव्य बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।








