भूपेंद्र ठाकुर,
27 अप्रैल/शिमला।
जिला शिमला के थाना चिड़गांव अंतर्गत गांव कुलगांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई गोली चलने की घटना में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव कुलगांव, तहसील चिड़गांव में नव-निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भीड़ और नृत्य के बीच सेलिब्रेशन करते हुए आरोपी ने गोली चला दी। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था।
मृतका की पहचान रितिका, निवासी गांव आंध्रा, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर प्रारंभिक जांच तथा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त शिकायत एवं तथ्यों के आधार पर थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 36/2026, धारा 103(1) बीएनएस एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों तथा हथियार से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में हर पहलू पर जांच जारी है।









