भूपेंद्र ठाकुर,
26 अप्रैल/शिमला।
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। एक तरफ रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, वहीं कोकसर और अटल टनल के आसपास बारिश के साथ फाहे गिरे। कुल्लू में दोपहर तीन बजे के बाद अंधड़ चला और कई जगह बारिश हुई। इसके विपरीत मैदानी जिलों में पारा चढ़ने से लू चली।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, हालांकि दोपहर को कुछ देर के लिए बादल छाए रहे, बाद में मौसम पूरी तरह साफ हो गया।
ओलों से तबाही
जुब्बल की पंचायत झाल्टा, गिल्टाड़ी, झगटान, मांदल और भोलाड़ के अलावा चिड़गांव की रोहल, धगोली और आंध्रा पंचायत में शुक्रवार शाम ओलों ने भारी तबाही मचाई।
2022 के बाद सबसे गर्म दिन
कांगड़ा, धर्मशाला, सोलन और नाहन में शनिवार को साल 2022 के बाद का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, बद्दी, नालागढ़, पांवटा साहिब, सुंदरनगर और भुंतर में गर्म हवाओं के चलते दिन के समय सड़कें सुनसान हो गईं।
शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान
· पांवटा साहिब: 25.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर: 22.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी: 21.0 डिग्री, बिलासपुर: 20.5 डिग्री, कांगड़ा: 20.3 डिग्री, शिमला: 19.0 डिग्री, नाहन: 18.8 डिग्री, मंडी: 18.3 डिग्री, धर्मशाला-ऊना: 18.2 डिग्री।
रविवार का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने रविवार को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने के आसार हैं।









