भूपेंद्र ठाकुर,
26 अप्रैल/शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को 5.37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 25 अप्रैल 2026 को विशेष सैल शिमला की टीम संकट मोचन क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि रितिक ठाकुर (पुत्र नारायण ठाकुर, उम्र 26 वर्ष), जो गांव छिंद, डाकघर कुपवी, तहसील कुपवी, जिला शिमला का निवासी है, चंडीगढ़ से एक किराये की टैक्सी द्वारा शिमला आ रहा है और उसके पास प्रतिबंधित नशा हो सकता है।
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध टैक्सी को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
इस मामले में थाना वेस्ट में अभियोग संख्या 75/2026, धारा 21 एनडी&पीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को आज (26 अप्रैल) माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और नशा तस्करी नेटवर्क के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।









