भूपेंद्र ठाकुर,
10 अप्रैल/शिमला
पुलिस थाना न्यू शिमला ने दो लापता नाबालिग बच्चों (12 और 17 वर्ष) को पंजाब के अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) क्षेत्र से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई शिमला पुलिस की एक विशेष टीम द्वारा लगातार और समन्वित प्रयासों के बाद की गई।
थाना न्यू शिमला में दोनों बच्चों के लापता होने की शिकायत मिलने के तुरंत बाद, गंभीरता को देखते हुए अभियोग संख्या 23/2026 दिनांक 10.04.2026 धारा 137(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत पंजीकृत किया गया था। पुलिस टीम नें जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।
पूछताछ में यह सामने आया कि दोनों नाबालिग घूमने-फिरने के उद्देश्य से घर से निकले थे। पुलिस ने सभी विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया है। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों पर अधिक नज़र रखने की अपील की है।









