-इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में सीबीएसई क्षमता निर्माण कार्यशाला संपन्न
भावना ठाकुर,
03 मई/सोलन।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में दिनांक 2 एवं 3 मई 2026 को सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, पंचकुला द्वारा “इतिहास शिक्षण (सीनियर सेकेंडरी स्तर)” विषय पर दो दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का सफल एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए इतिहास विषय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने शिक्षण कौशल को समृद्ध किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की परंपरा के अनुसार दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर ज्ञान, उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण दिखाई दिया।
कार्यशाला में डॉ. अनुपम एवं परवीन कुमार ने संसाधन व्यक्तियों (Resource Persons) के रूप में शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने इतिहास विषय को केवल तथ्यों तक सीमित न रखते हुए उसे रोचक, जीवंत एवं विद्यार्थियों के दैनिक जीवन से जोड़ने के अनेक प्रभावी उपाय साझा किए। गतिविधि आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक अधिगम, संवादात्मक पद्धतियों तथा उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने इतिहास शिक्षण को अधिक प्रभावशाली बनाने की प्रेरणा दी। उनकी प्रस्तुतियाँ अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहीं।
दो दिवसीय इस कार्यशाला में प्रतिभागी शिक्षकों ने विभिन्न समूह गतिविधियों, चर्चाओं एवं प्रस्तुतियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिक्षकों का उत्साह, सीखने की जिज्ञासा एवं रचनात्मक सोच कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही। कार्यशाला ने सभी प्रतिभागियों को शिक्षण में नवीन दृष्टिकोण अपनाने हेतु प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. लखविंदर कौर अरोड़ा ने संसाधन व्यक्तियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि —
“ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। डॉ. अनुपम एवं परवीन कुमार द्वारा साझा किए गए नवाचारपूर्ण विचार और शिक्षण तकनीकें निश्चित रूप से शिक्षकों को कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। गुरुकुल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण को प्राथमिकता देता रहा है।”









