हिमाचल समय न्यूज़,
03 मई/नूरपुर।
नूरपुर से ऊना जा रही एक निजी बस रविवार सुबह करीब 11 बजे नूरपुर के न्याजपुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब दो दर्जन (26) लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस चालक को अचानक हार्ट अटैक आने से वह बेसुध हो गया और खिड़की से बाहर गिर गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और घायल यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर पहुँचाया। स्थानीय विधायक रणवीर सिंह निक्का ने भी अस्पताल पहुँचकर घायलों का हालचाल लिया।तीन गंभीर रूप से घायल सवारियों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का नूरपुर सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, नूरपुर में भर्ती सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करते हुए गंभीर रूप से घायलों को 5,000 रुपये और अन्य घायलों को 2,000 रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की है।









