भावना ठाकुर,
04 जून / सोलन।
सब्जी मंडी, सोलन के पास खड़ी एक निजी बस से बैटरियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी हुई संपत्ति की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17/18 मई 2026 की मध्यरात्रि में निजी बस चालक रणजीत सिंह की बस, जो सब्जी मंडी, सोलन के समीप पार्क की गई थी, से किसी अज्ञात व्यक्ति ने दो बैटरियां चुरा लीं। चोरी गई बैटरियों की अनुमानित कीमत लगभग ₹30,000 बताई गई। इस संबंध में पुलिस थाना सदर, सोलन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया, स्थानीय सूचनाएं जुटाईं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों में पियूष कुमार शर्मा (32 वर्ष) पुत्र विजय कुमार, निवासी भूपेंद्र निवास, बाग बालूगंज, शिमला तथा हेमंत कुमार (32 वर्ष) पुत्र सोम दत्त, निवासी गाँव सरी, डाकघर शोघी, जिला सोलन शामिल हैं। दोनों को 2 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया।
बुधवार 3 जून 2026 को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उनका पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरी की गई बैटरियां बरामद की जा सकें और यह पता लगाया जा सके कि इस अपराध में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं। साथ ही, दोनों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में जांच जारी है।









