भूपेंद्र ठाकुर,
25 अप्रैल/शिमला।
नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत जिला शिमला पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए वाणिज्यिक मात्रा में चरस की बड़ी खेप बरामद कर तस्करी के संगठित प्रयास को नाकाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना कुमारसैन की टीम ने स्पेशल सेल शिमला के सहयोग से सैंज चौक के पास NH-305 लूहरी सड़क पर गश्त एवं नाकाबंदी की थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर एचआरटीसी बस संख्या HP66A-5181 (रूट कुल्लू से बागा सराहन) को रोककर जांच की गई।
बस में सवार एक संदिग्ध युवक की तलाशी में उसके पिट्ठू बैग से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद हुई। यह मात्रा एनडीपीएस अधिनियम के तहत वाणिज्यिक श्रेणी में आती है, जिसके लिए कठोर सजा का प्रावधान है। आरोपी की पहचान पंकज कुमार (30 वर्ष) पुत्र लेख राज, निवासी गांव अपरढाह, डाकघर अपरढाह, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया। इस संबंध में थाना कुमारसैन में मामला दर्ज कर लिया गया है, और आगे की जांच जारी है।
जिला शिमला पुलिस इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 108 मामले दर्ज कर 229 नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। साथ ही, 19 बड़े अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय नेटवर्कों को ध्वस्त कर हजारों युवाओं को नशे की आपूर्ति बंद करने में सफलता पाई है।









