भावना ठाकुर
सोलन, 5 अप्रैल।
साई इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 1 से 9 तक के अभिभावकों के लिए एक भव्य अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी थीम “उद्गम – एक नई शुरुआत” रखी गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कक्षा 9 की शुरुआत को नई दिशा और दृष्टि के साथ प्रस्तुत करना था।
दीप प्रज्वलन व नई विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन श्री रामिंदर बावा जी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विद्यालय में नवीन विज्ञान प्रयोगशाला का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। यह प्रयोगशाला विद्यार्थियों के प्रयोगात्मक एवं वैज्ञानिक अधिगम को अधिक सशक्त बनाएगी।
“करके सीखना” पर आधारित गतिविधियाँ
विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कक्षा में अपनाए जाने वाले नवीन शिक्षण तरीकों का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य “करके सीखना” (Learning by Doing) के सिद्धांत को बढ़ावा देना था, जिससे बच्चों में व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास का विकास हो सके।
प्राचार्या ने किया आभार व्यक्त
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक पद्धति, अनुशासन एवं समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्राचार्या श्रीमती मीरा गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को विद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।









