भावना ठाकुर
सोलन, 5 अप्रैल।
सोलन में पुलिस प्रशासन को अस्थायी रूप से एक नया कमांडर मिल गया है। आईपीएस अधिकारी अभिषेक एस ने सोलन के कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
यह नियुक्ति लगभग एक माह के लिए की गई है। दरअसल, वर्तमान एसपी एसडी वारमा के विवाह के चलते उनकी अनुपस्थिति में कानून व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अभिषेक एस को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभिषेक एस इससे पहले शिमला में कानून एवं व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब वे सोलन जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
पुलिस लाइन में कार्यभार ग्रहण करने के बाद अभिषेक एस ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि एसपी एसडी वारमा के शादी समारोह में शामिल होने के कारण वे एक माह के लिए अनुपलब्ध रहेंगे। इस अवधि में अभिषेक एस सोलन पुलिस का नेतृत्व करेंगे।









