
हिमाचल समय, शिमला, 09 जनवरी ।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज “छात्र संसद” कार्यक्रम के तहत शिमला आए छात्रों से प्रदेश सचिवालय में संवाद किया। इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों जैसे आईआईटी, आईआईएम और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के छात्र उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने क्रिमसन स्नो और हर हिल्स, देयर ड्रीम्स पुस्तक का विमोचन किया
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का ‘हैप्पीएस्ट स्टेट’ है और सफलता के लिए समर्पण, नैतिकता, पारदर्शिता तथा नेतृत्व गुण आवश्यक हैं। उन्होंने लोकतंत्र की प्राचीन परंपरा और प्रदेश की मानवीय पहचान को भी रेखांकित किया।
सुक्खू ने गुड गवर्नमेंट के लिए गुड गवर्नेंस की आवश्यकता पर बल देते हुए सरकार की पहलों में विविध सुधार और नवाचार बताए। उन्होंने कहा कि “हरित हिमाचल” के लक्ष्य के साथ सरकार अनेक अभिनव योजनाएँ चला रही है और वर्ष 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर तथा 2032 तक देश का समृद्धतम राज्य बनाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर भी ज़ोर देते हुए कहा कि पैट्रोल–डीज़ल आधारित वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदला जा रहा है और नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे‑बोर्डिंग स्कूल, डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना सहित कई पहलों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि आगामी दस वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आएँगे और छात्रों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार प्रदेश में वीआईपी कल्चर को खत्म करने और युक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है।
छात्र संसद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ़ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संसद, विधानसभा और प्रशासन के वास्तविक कार्यों का अनुभव देना है, ताकि वे देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार हो सकें।
इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवीनीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल, छात्र संसद के अध्यक्ष आदित्य बेगड़ा, पदाधिकारी शशांक शेखर पांडेय, मानस तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ताज़ा खबरों के लिए जोड़े www.himachalsamay.com








