भूपेंद्र ठाकुर,
15 नवंबर / शिमला।
प्रदेश सरकार संवेदनशील प्रशासन की मिसाल कायम कर रही है। वृद्धावस्था में भावनात्मक बदलावों और विशिष्ट स्वास्थ्य देखभाल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इंदिरा गांधी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा, जिला कांगड़ा तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक मंडी में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान की है। इनके सुचारू संचालन के लिए आवश्यकतानुसार सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट के पदों को सृजित कर भरने की भी मंजूरी प्रदान की गई है। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा आयु से संबंधित बीमारियों और स्वास्थ्य जरूरतों के लिए व्यापक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

जेरियाट्रिक मेडिसिन, चिकित्सा विज्ञान की एक विशेष शाखा है, जिसके अंतर्गत वृद्धजनों में होने वाली बीमारियों का नैदानिक उपचार और रोकथाम की जाती है। इसके साथ ही बढ़ती उम्र के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज भी सुनिश्चित किया जाता है। यह विभाग विशेष चिकित्सा सेवाओं, समय पर बीमारियों की पहचान, उचित उपचार तथा उम्र से संबंधित दिव्यांगता और बीमारियों की रोकथाम के माध्यम से वरिष्ठजनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने की दिशा में कार्य करेगा।
चिकित्सा की पारंपरिक विशेषज्ञताओं और बीमारियों के निदान में मुख्य रूप से शरीर के अलग-अलग अंगों और विभिन्न प्रणालियों पर ध्यान केन्द्रित कर उपचार किया जाता है। जेरियाट्रिक मेडिसिन के क्षेत्र में वृद्ध मरीजों की देखभाल के लिए व्यापक और समग्र दृष्टिकोण के तहत कार्य किया जाता है। इसमें बुजुर्ग मरीजों के सम्पूर्ण स्वास्थ्य, शारीरिक कार्य क्षमता, मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक स्थिति तथा सामाजिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाता है।
बुजुर्गों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए बीमारियों और उम्र बढ़ने की सामान्य प्रक्रियाओं के बीच अंतर को भी समझा जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना और स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देना है। आईजीएमसी शिमला और डॉ. आरपीजीएमसी टांडा में स्थापित होने वाले इस विभाग में विभिन्न बीमारियों तथा उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बुजुर्गों को विशेष निदान एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को भावनात्मक सहयोग, विशेष ध्यान और व्यापक स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता रहती है ताकि बढ़ती उम्र के साथ उत्पन्न होने वाली चिकित्सा एवं मनोवैज्ञानिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि इन चिकित्सा महाविद्यालयों में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग के स्थापित होने से बुजुर्ग मरीजों को विशेषज्ञ उपचार की सुविधा मिलेगी और वे अधिक स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण और प्रदेश में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रमुखता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला, डॉ. आरपीजीएमसी टांडा और नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में इन विभागों की स्थापना से वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक समर्पित संस्थागत अधोसंरचना तैयार होगी। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा प्रशिक्षण और दक्षता विकास के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को व्यापक, संवेदनशील और मरीज-केन्द्रित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक मील पत्थर साबित होगी।





