हिमाचल समय न्यूज़,
30 अक्टूबर / नूरपुर।
पुलिस जिला नूरपुर में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करी के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत आरोपी शमशेर सिंह पुत्र गुरदियाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 09, डमटाल, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा की लगभग ₹48.30 लाख की संपत्ति NDPS Act के प्रावधानों के तहत जब्त की गई है।

सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 22.10.2026 को NDPS Act, 1985 की धारा 68-I(1) एवं 68-I(3) के अंतर्गत पारित आदेश के अनुसार आरोपी की निम्नलिखित संपत्तियां सभी प्रकार के भारों से मुक्त करते हुए जब्त (Forfeited) की गई हैं:
- आवासीय भवन: गांव चन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा स्थित आरोपी का दो मंजिला मकान, जिसमें ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर एवं बेसमेंट शामिल हैं। इस संपत्ति का मूल्य ₹45,90,557/- निर्धारित किया गया है।
- नकद धनराशि: नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित ₹2,40,440/- (₹12,740 + ₹2,19,200 + ₹8,500)।
इस प्रकार आवासीय भवन एवं धनराशि सहित कुल ₹48,30,997/- (अड़तालीस लाख तीस हजार नौ सौ सत्तानवे रुपये) की संपत्ति जब्त की गई है।
इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस थाना डमटाल द्वारा दिनांक 29.10.2026 को आरोपी शमशेर सिंह को NDPS Act की धारा 68-U के अंतर्गत आदेश विधिवत तामील करवाया गया। इसके तहत आरोपी को जब्त संपत्ति का कब्जा संबंधित विभाग को सौंपने के दिशा दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आदेश का निर्धारित अवधि में पालन न किए जाने की स्थिति में सक्षम प्राधिकारी को कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए संपत्ति का कब्जा प्राप्त करने का अधिकार है।
प्रदेश भर में चलाये जा रहे एंटी चिट्टा अभियान नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, जांच एवं जब्ती के माध्यम से तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर भी प्रहार किया जा रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबार से अर्जित अवैध धन एवं संपत्ति को कानून के दायरे में लाकर नशा तस्करी की आर्थिक जड़ों को विध्वंस करना है।
नूरपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति भी कानून की कार्रवाई से अछूती नहीं रहेगी।
नशा मुक्त समाज के निर्माण और नशा तस्करी के पूर्ण उन्मूलन के लिए नूरपुर पुलिस प्रतिबद्ध है।








