Home कल्चर गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में सीबीएसई द्वारा कहानी-कथन आधारित शिक्षण...

गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में सीबीएसई द्वारा कहानी-कथन आधारित शिक्षण पर कार्यशाला का आयोजन

57
0

भावना ठाकुर,

26 सितंबर / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा शिक्षक क्षमता संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत “कहानी-कथन को शिक्षण-पद्धति के रूप में अपनाना” विषय पर एक विशेष एवं ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को नवीन एवं प्रभावी शिक्षण-पद्धतियों से परिचित करवाना तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक रोचक, रचनात्मक एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता पर आधारित बनाना था।

कार्यशाला में रंजना भारद्वाज एवं आरती वर्मा ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में सहभागिता की। उन्होंने शिक्षकों को कहानी-कथन की विभिन्न तकनीकों एवं प्रभावी तरीकों से परिचित करवाया। उन्होंने बताया कि कहानी केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसे प्रभावी शिक्षण-पद्धति के रूप में अपनाकर विद्यार्थियों में कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता, भाषा-कौशल, अभिव्यक्ति-कौशल, चिंतन-क्षमता एवं विषय की समझ विकसित की जा सकती है।

संसाधन व्यक्तियों ने स्वर में उतार-चढ़ाव, भाव-भंगिमा, संवाद-अभिनय, पात्रों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता जैसे विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। विभिन्न गतिविधियों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को यह भी समझाया गया कि विभिन्न विषयों के शिक्षण में कहानी-कथन का रचनात्मक एवं प्रभावी प्रयोग किस प्रकार किया जा सकता है।

इस कार्यशाला में गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों से आए अनेक शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा कहानी-कथन को कक्षा-कक्ष की शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ने के व्यावहारिक तरीकों को समझा।

कार्यशाला के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सागरिका बख्शी ने संसाधन व्यक्तियों रंजना भारद्वाज एवं आरती वर्मा का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उन्हें नवीन एवं रचनात्मक शिक्षण-पद्धतियों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कार्यशाला में सहभागिता करने वाले विद्यालय के साथ-साथ अन्य विद्यालयों से आए सभी शिक्षकों का भी धन्यवाद किया।

कार्यशाला का आयोजन अत्यंत ज्ञानवर्धक, संवादात्मक एवं प्रेरणादायक रहा। इस कार्यशाला ने शिक्षकों को कहानी-कथन के माध्यम से शिक्षण को अधिक जीवंत, सहज, रोचक एवं प्रभावशाली बनाने के लिए नए विचार और दृष्टिकोण प्रदान किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here