भावना ठाकुर,
18 अप्रैल/सोलन।
पुलिस जिला सोलन को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष जांच इकाई (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर देहू घाट क्षेत्र स्थित एक होटल में छापेमारी कर 10 लोगों को ताश के पत्तों और नकदी के साथ जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना सदर सोलन में इस संबंध में एफआईआर संख्या 0089/2026 दर्ज कर ली गई है। मामला सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को एसआईयू टीम को सूचना मिली कि देहू घाट स्थित एक होटल के कमरे में कुछ लोग अवैध जुआ कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने तुरंत होटल के उस कमरे में दबिश दी। मौके पर सभी 10 आरोपी ताश खेलकर दांव लगा रहे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने ताश के पत्तों के अलावा कुल 2,69,820 रुपये (दो लाख उनसठ हज़ार आठ सौ बीस रुपये) बरामद किए, जो जुए की रकम होने का संदेह है। यह राशि विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार सभी आरोपी वयस्क पुरुष हैं, जो सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों के विभिन्न क्षेत्रों से आते हैं। सभी के खिलाफ सदर सोलन थाने में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ की और उन्हें बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया। मामले की आगे की जांच जारी है। साथ ही, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।









