भूपेंद्र ठाकुर,
12 अप्रैल/शिमला।
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी नेटवर्क का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 53.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो स्थानीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, वहीं गहन जांच के बाद उत्तर प्रदेश से मुख्य सप्लायर को भी दबोच लिया गया।
रोहडू में दुकान से बरामदगी
26 मार्च 2026 को पुलिस थाना रोहडू को गुप्त सूचना मिली कि गुदड़ू मोहल्ला स्थित पिन्कू राम की दुकान पर चिट्टा की खरीद-फरोख्त हो रही है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी पिन्कू राम (36) पुत्र कर्म चंद, निवासी कनेवरा, रोहडू तथा सुनील पुहारता (24) पुत्र मेहर सिंह, निवासी शरौंथा, टिक्कर के कब्जे से 53.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर थाना रोहडू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29-61-85 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
बैकवर्ड लिंकेज में मिला मुख्य सप्लायर
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और बैंक खातों की जांच की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिन्कू राम, सलमान हैदर (39) पुत्र शाकिर अली, निवासी रसूलपुरा सैय्यद, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के लिए रोहडू क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, सलमान हैदर पूर्व में रोहडू बाजार में मैकेनिक का काम कर चुका है। इस दौरान उसने स्थानीय नेटवर्क विकसित कर लिया था। वह पिन्कू राम को कई बार भारी मात्रा में चिट्टा उपलब्ध करवा चुका था, जिसे आगे स्थानीय युवाओं को बेचा जाता था।
यूपी से गिरफ्तारी
मुख्य सप्लायर को पकड़ने के लिए शिमला पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर उत्तर प्रदेश रवाना की। लगातार तकनीकी निगरानी और सुरागों के आधार पर 11 अप्रैल 2026 को आरोपी सलमान हैदर को जिला बिजनौर (उ.प्र.) से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस सफल कार्रवाई से चिट्टा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खात्मा हुआ है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की अन्वेषण प्रक्रिया हर पहलू से जारी है।









