भूपेंद्र ठाकुर,
15 अप्रैल/शिमला।
हिमाचल दिवस 2026 के गरिमामय अवसर पर जिला पुलिस के उत्कृष्ट सेवाओं वाले अधिकारियों को माननीय उप-मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान साहस, पेशेवर दक्षता, सूझबूझ, त्वरित निर्णय क्षमता एवं असाधारण कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
- निरीक्षक आशीष कौशल
वर्ष 2019 में पुलिस विभाग में नियुक्त निरीक्षक आशीष कौशल ने अपने सेवाकाल में निरंतर उत्कृष्ट कार्य किया है। वर्ष 2026 के दौरान उनकी सतर्कता एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप 627.25 ग्राम हेरोइन, 2.556 किलोग्राम भांग तथा 127.90 ग्राम अफीम बरामद की गई तथा 28 अभियोग पंजीकृत किए गए।
दिनांक 10 मार्च 2026 को न्यू शिमला के BCS क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान अंतर-जिला मादक पदार्थ नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 11.570 ग्राम एलएसडी (562 स्टैम्प) बरामद की गई, जो सिंथेटिक ड्रग्स के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण सफलता है। - मुख्य आरक्षी जगदीश सिंह
दिनांक 24 मार्च 2026 को आईएसबीटी शिमला में तैनाती के दौरान मुख्य आरक्षी जगदीश सिंह ने उच्च स्तर की सतर्कता एवं पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 288 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थल पर की गई यह कार्रवाई नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा आमजन, विशेषकर युवाओं, को इसके दुष्प्रभाव से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। - मुख्य आरक्षी पियूष राज
दिनांक 10 अप्रैल 2026 को नारकंडा क्षेत्र में गश्त के दौरान मुख्य आरक्षी पियूष राज ने उत्कृष्ट सतर्कता एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का परिचय देते हुए चार आरोपियों के कब्जे से करीब 11.5 किलोग्राम अफीम तथा ₹12,00,000/- की अवैध नकदी बरामद की गई।
यह बरामदगी संगठित एवं अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क को डिस्मेंटल करती है। इस कार्रवाई से न केवल बड़ी खेप को बाजार तक पहुंचने से रोका गया, बल्कि अवैध आर्थिक तंत्र पर भी प्रभावी प्रहार किया गया। - आरक्षी चालक सतपाल
दिनांक 31 मार्च 2026 को आरक्षी चालक सतपाल ने असाधारण साहस एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए सतलुज नदी में कूदकर एक महिला का जीवन बचाया। उन्होंने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में रस्सी की सहायता से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, तत्पश्चात CPR देकर प्राथमिक उपचार प्रदान किया और उसे अस्पताल पहुंचाया।
उनकी इस जीवनरक्षक कार्रवाई ने पुलिस सेवा की मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। - आरक्षी शुभम
आरक्षी शुभम (नं. 1239), नियुक्ति दिनांक 01 अक्टूबर 2013, वर्तमान में शिमला ट्रैफिक विंग में तैनात हैं। विक्ट्री टनल जैसे अत्यधिक व्यस्त यातायात बिंदु पर वे कुशलतापूर्वक यातायात संचालन सुनिश्चित करते हैं।
इसके अतिरिक्त वे स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सहायता कर जन-मैत्री पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके व्यवहार, धैर्य एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण की आमजन एवं पर्यटकों द्वारा सराहना की जाती है।
इन अधिकारियों द्वारा किए गए कार्य न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुए हैं, बल्कि “नशामुक्त हिमाचल” के संकल्प को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनकी उपलब्धियां पुलिस विभाग के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।





