भूपेंद्र ठाकुर,
15 अप्रैल/शिमला।
शिमला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक जटिल मामले में बैकवर्ड लिंकिज स्थापित करते हुए एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से आरोपी करण (पुत्र संजीत, उम्र 34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। करण मूल रूप से पुराना पंचकूला के खड़क मंगोली का निवासी है और वर्तमान में जीरकपुर की इमर्जिंग हाइट्स सोसायटी में रहता है।
यह गिरफ्तारी 13 अप्रैल 2026 को अंबाला में की गई। इससे पूर्व, 22 अगस्त 2025 को थाना रामपुर में तीन आरोपियों – प्रशांत नेगी (27), अविनाश ठाकुर (35) और देवन जोश (28) – को 17.150 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले की आगे की जांच, तकनीकी विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल में करण का नाम सामने आया।
क्या है आरोपी की भूमिका?
जांच में स्थापित हुआ है कि करण का इस प्रकरण के सह-अभियुक्तों, विशेषकर एक मुख्य सह-अभियुक्त के साथ सीधा संपर्क था। पुलिस ने करण और उसके बीच लगभग ₹10 लाख के वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य जुटाए हैं। करण ड्रग तस्करी नेटवर्क में धन उपलब्ध कराने, लेन-देन एवं समन्वय की भूमिका में सक्रिय रूप से शामिल पाया गया है, जिससे उस पर ND&PS Act की धारा 29 (षड्यंत्र/साझेदारी) के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
करण के खिलाफ पहले से ही ND&PS Act के कई मामले दर्ज हैं:
· थाना सेक्टर-20, पंचकूला (अभियोग संख्या 135/2024)
· थाना पिंजौर (अभियोग संख्या 532/2025, धारा 21, 29 ND&PS Act)
· थाना चंडीमंदिर (अभियोग संख्या 61/2026, धारा 21, 29 ND&PS Act)
इससे स्पष्ट है कि आरोपी पूर्व से मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त रहा है।
गिरफ्तारी के बाद की कार्रवाई
आरोपी करण को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अप्रैल 2026 तक पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया है।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहले ही किन्नौर और रामपुर से गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में शामिल हैं:
- राजदीप (पुत्र संजीव कुमार, गाँव रक्छम, किन्नौर, उम्र 28)
- कृष्ण कुमार (पुत्र प्रभु दयाल, गाँव रक्छम, उम्र 24)
- इवान (पुत्र पवन सिंह, गाँव बोनिग्सरिंग, उम्र 28)
- हिमांशु नेगी (पुत्र मुकेश चंदर, कामरू, उम्र 25)
- परविंदर नेगी (पुत्र मोहिंदर कुमार, गाँव थेमगरांग, उम्र 26)
पुलिस की प्रतिबद्धता
शिमला पुलिस मामले की गहन जांच जारी रखे हुए है। पुलिस का कहना है कि वह मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सीमित कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस संगठित ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।









