भूपेंद्र ठाकुर,
15 अगस्त / रामपुर बुशहर (शिमला)।
रामपुर जल विद्युत परियोजना (HPS) में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तत्पश्चात सीआईएसएफ तथा हिमपैस्को के जवानों ने अनुशासित एवं प्रभावशाली परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का भी स्मरण करवाती है। उन्होंने इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ का विशेष उल्लेख किया, इसे देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।
परियोजना प्रमुख ने चार प्रमुख प्राथमिकताओं—सुरक्षा, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, जनशक्ति एवं जन विकास, तथा समुदाय एवं पर्यावरण—पर विशेष बल दिया। उन्होंने ‘शून्य दुर्घटना’ एवं ‘शून्य हानि’ के लक्ष्य के साथ सुरक्षा को प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी बताया। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, ऑटोमेशन एवं साइबर सुरक्षा जैसी तकनीकों के माध्यम से रामपुर HPS को प्रौद्योगिकी-संचालित एवं डेटा-संचालित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निरंतर सीखने, कौशल विकास एवं युवा प्रतिभाओं को नेतृत्व के अवसर देने की आवश्यकता बताई, साथ ही हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण के साथ पर्यावरण-उत्तरदायी एवं सामाजिक रूप से समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया।
परियोजना प्रमुख ने बताया कि एसजेवीएन फाउंडेशन के तत्वावधान में रामपुर HPS द्वारा सीएसआर के अंतर्गत आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में फुली ऑटो बायो केमिस्ट्री एनालाइजर मशीन उपलब्ध करवाई गई, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क जाँच सुविधा प्राप्त होगी। संबोधन के अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों, संविदाकर्मियों, सीआईएसएफ एवं हिमपैस्को के जवानों तथा स्थानीय समुदाय के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें परियोजना के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, महिला क्लब सदस्यों एवं सीआईएसएफ कार्मिकों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर परियोजना प्रमुख ने विजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।








