Home क्राइम सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनडीपीएस तस्कर की ₹2.43 करोड़ की संपत्ति...

सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनडीपीएस तस्कर की ₹2.43 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, होटल व वाहन भी शामिल

5
0

– आरोपी हेमंत शर्मा पर पांच मामले दर्ज, पिता के होटल की आड़ में चलता था अवैध कारोबार

भावना ठाकुर,

06 अगस्त / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

जिला सोलन पुलिस ने “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत नशा तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने वर्ष 2022 में दर्ज एनडीपीएस मामले की गहन वित्तीय जांच (Comprehensive Financial Investigation) करते हुए तस्कर हेमंत शर्मा और उसके परिजनों की ₹2.43 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय निवेशों को विधि अनुसार फ्रीज कर दिया है।

यह कार्रवाई स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) के अध्याय V-A के तहत की गई है। पुलिस का उद्देश्य तस्करों के अवैध वित्तीय आधार को कमजोर करना और आपराधिक अर्थव्यवस्था को जड़ से खत्म करना है।

2022 में हुई थी पहली गिरफ्तारी, 2026 में फिर पकड़ा गया
उल्लेखनीय है कि 3 फरवरी 2022 को थाना धर्मपुर पुलिस ने जाबली के पास वाहन महिन्द्रा बोलेरो (HP64A-0518) की तलाशी के दौरान फुटमैट के नीचे छिपाकर रखी 6.37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी। इस मामले (अभियोग संख्या 0027/2022) में आरोपी उमेश ठाकुर व हेमंत शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बावजूद हेमंत शर्मा ने अपनी गतिविधियाँ नहीं रोकीं। 24 जनवरी 2026 को थाना धर्मपुर में दर्ज एक अन्य मामले (अभियोग संख्या 0024/2026) में टोल प्लाजा संवाड़ा के निकट उसके कब्जे वाली ऑल्टो K-10 (HP15B-2275) के फुटमैट के नीचे से 4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों मामले फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं।

वित्तीय जांच में खुली पोल: शून्य आय, करोड़ों की संपत्ति
जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। आरोपी हेमंत शर्मा और उसकी माता (गृहिणी) की आय शून्य दर्शाई गई है, जबकि डाक विभाग से सेवानिवृत्त उसके पिता की वार्षिक आय मात्र ₹5,600 है। इतनी कम आय होने के बावजूद, आरोपी ने पिछले 6 वर्षों में नकद लेन-देन (Cash Transactions) के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई, जिससे बैंकिंग रिकॉर्ड में कुछ भी सामने नहीं आया।

पुलिस ने पाया कि आरोपी अपने पिता के स्वामित्व वाले होटल (सनवारा) की आड़ में चिट्टा तस्करी का काम करता था। दोनों एनडीपीएस मामले भी इसी होटल के आसपास दर्ज हुए, जो पिता-पुत्र के परिचालन संबंध (Operational Nexus) को स्पष्ट करता है।

फ्रीज की गई ये संपत्तियां (₹2.43 करोड़ से अधिक)

· वाहन: ऑल्टो K-10 (HP15B-2275) तथा ब्रेजा (HP98-0787)
· गांव मातला स्थित रिहायशी मकान की मरम्मत
· सनवारा स्थित परिसर की मरम्मत एवं आवासीय/व्यावसायिक भवन निर्माण
· अन्य भूमि/प्लॉटों की खरीद
· डाक विभाग में जमा धनराशि

पांच मामलों का रिकॉर्ड
आरोपी हेमंत शर्मा के खिलाफ थाना धर्मपुर एवं अन्य थानों में एनडीपीएस, आबकारी अधिनियम (Excise Act) तथा मारपीट से संबंधित कुल पांच मामले पंजीकृत पाए गए हैं।

आगे की कार्रवाई
फ्रीज की गई संपत्तियों की रिपोर्ट आगामी कानूनी कार्यवाही के लिए Competent Authority & Administrator, नई दिल्ली को भेज दी गई है। जिला पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 03 मामलों में 17 आरोपियों/सहयोगियों की ₹3.59 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान और फ्रीजिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here