हिमाचल समय न्यूज़,
28 जुलाई / चंबा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों में एक तीन माह की मासूम बच्ची भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, परिवार अपनी इसी बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार करवाकर घर लौट रहा था कि रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही सभी की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। रात का समय और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया।
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी और घनी धुंध के कारण दृश्यता बेहद खराब थी। फिसलन भरी सड़क पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासन ने लोगों से मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने और खराब मौसम में वाहन चलाने से बचने की अपील की है।








