भावना ठाकुर,
24 जुलाई / अर्की (सोलन)।
जिला सोलन की पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 2.07 ग्राम ‘चिट्टा’ (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना अर्की में दर्ज मामला संख्या 72/2026 के तहत की गई।
जिला पुलिस की एसआईयू (विशेष जाँच इकाई) टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 20 जुलाई 2026 को नाकाबंदी करके मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2.07 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत शर्मा (पुत्र हितेंदर शर्मा, उम्र 24 वर्ष, गाँव चुनाड ब्रहमणा, डाकखाना भुमती, तहसील अर्की) और खेम चाँद (पुत्र राम सिंह, उम्र 25 वर्ष, गाँव नरवाड, डाकखाना खरडहट्टी, तहसील अर्की) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से जिला सोलन के ही निवासी हैं।
पुलिस ने मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों से बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी करके पूछताछ की गई है। साथ ही, उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जाँच जारी है।








