हिमाचल समय न्यूज़,
24 जुलाई /लाहौल-स्पीति।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के करूनाला में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु हो गई। यह वाहन कुल्लू से पांगी जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने उपायुक्त लाहौल-स्पीति को तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता और घायलों को बेहतरीन इलाज मुहैया कराने के निर्देश भी दिए हैं।

वहीं, जनजातीय विकास एवं शिक्षा मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी इस जनहानि को अत्यंत दुःखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
दोनों नेताओं ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।








